शहीदों की धरती झीरम में लहराएगा तिरंगा, 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

दरभा से झीरम शहीद स्मारक तक पहुंचेगी यात्रा, नक्सलमुक्त बस्तर में राष्ट्रभक्ति का संदेश देने जुटा भाजयुमो

जगदलपुर। 12अगस्त 2026/नक्सलमुक्त बस्तर के अतिसंवेदनशील क्षेत्र झीरम में देशभक्ति और वीर शहीदों की स्मृति को समर्पित तिरंगा यात्रा का आयोजन 13 अगस्त, गुरुवार को किया जाएगा। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने यात्रा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा के दौरान झीरम शहीद स्मारक पहुंचकर झीरम हमले में शहीद हुए जवानों एवं जनप्रतिनिधियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

तिरंगा यात्रा की तैयारियों के सिलसिले में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने झीरम पहुंचकर आयोजन की रूपरेखा तैयार की। इस दौरान यात्रा के मार्ग, युवाओं की सहभागिता, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के साथ श्रद्धांजलि कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिलाष यादव ने कहा कि झीरम की धरती वीर शहीदों के बलिदान की साक्षी रही है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से झीरम हमले में शहीद हुए वीर जवानों और जनप्रतिनिधियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया जाएगा।

वहीं, जिला उपाध्यक्ष आनंद झा ने बताया कि तिरंगा यात्रा दरभा क्षेत्र से प्रारंभ होकर दरभा होते हुए झीरम शहीद स्मारक पहुंचेगी। यहां सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

भाजपा युवा मोर्चा ने अधिक से अधिक युवाओं एवं राष्ट्रप्रेमी नागरिकों से तिरंगा यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है। संगठन ने कहा कि यात्रा के माध्यम से राष्ट्रभक्ति और शहीदों के सम्मान का संदेश बुलंद किया जाएगा।

तैयारियों के दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिलाष यादव, जिला उपाध्यक्ष जीवनाथ मौर्य एवं आनंद झा, दरभा मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष दिनेश पांडे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *