स्कूल परिसर में घुसे आवारा कुत्तों का हमला: 4 साल के बच्चे की सिर की चमड़ी नोची, हालत गंभीर

बीकानेर।/26/02/2026 राजस्थान के बीकानेर जिले में एक सरकारी स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। स्कूल के पहले ही दिन चार साल के एक मासूम बच्चे पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे के सिर, कान और शरीर पर गहरे जख्म आए हैं और फिलहाल उसका इलाज पीबीएम अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार ऊपनी गांव निवासी बच्चा मंगलवार को अपने बड़े भाई के साथ पहली बार स्कूल गया था। करीब डेढ़ घंटे कक्षा में रहने के बाद वह बाहर ग्राउंड की ओर निकल गया। इसी दौरान स्कूल का मुख्य गेट खुला होने से कुत्तों का झुंड परिसर में घुस आया और बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार स्टाफ तक नहीं पहुंच पाई। वहां से गुजर रहे एक ग्रामीण ने किसी तरह बच्चे को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।
डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और स्किन ग्राफ्टिंग के लिए प्लास्टिक सर्जरी करनी पड़ेगी। इलाज लंबा चल सकता है और पूरी तरह ठीक होने में काफी समय लग सकता है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि मुख्य गेट खुला क्यों था और निगरानी की व्यवस्था क्यों नहीं थी। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या पहले से समस्या बनी हुई है और पहले भी हमले की घटनाएं हो चुकी हैं।
स्कूल प्रबंधन ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि आसपास घूमने वाले कुत्तों की शिकायत पहले भी प्रशासन से की गई थी। मामले की सूचना स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *