26/02/2026छत्तीसगढ़ के दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। थाना बारसूर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तोड़मा और तुलार गुफा के पास घने जंगलों की पहाड़ी में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए दो प्रेशर कुकर आईईडी को सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान खोज निकाला गया। प्रत्येक आईईडी करीब पांच-पांच किलो विस्फोटक से भरा हुआ था और वायर के साथ लगाया जाना था, जिससे किसी बड़ी वारदात की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस को इलाके में आईईडी लगाए जाने की विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद डीआरजी और थाना बारसूर पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। सुबह तड़के शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन और डी-माइनिंग कार्रवाई के दौरान जंगल क्षेत्र में संदिग्ध स्थान चिन्हित कर सघन तलाशी ली गई, जहां से विस्फोटक डंप बरामद हुआ।
बरामद सामग्री को अब बम निरोधक दस्ते (BDDS) द्वारा निर्धारित मानक प्रक्रिया के तहत सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, समय रहते कार्रवाई होने से सुरक्षा बलों और स्थानीय ग्रामीणों को संभावित बड़े नुकसान से बचा लिया गया है।
क्षेत्र में फिलहाल सर्चिंग अभियान जारी है। सुरक्षा एजेंसियां मान रही हैं कि यह कार्रवाई माओवादी विरोधी अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता है, जिससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
दंतेवाड़ा में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी — जंगल से 5-5 किलो के दो प्रेशर कुकर IED बरामद, टला बड़ा खतरा