स्कूटी में भरकर ला रहे थे 15 किलो गांजा, बस्तर पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा

13जून2026

जगदलपुर। बस्तर जिले में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अवैध रूप से गांजा की तस्करी कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का गांजा, स्कूटी, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक एक एक्टिवा स्कूटी में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम गठित कर लामनी रोड क्षेत्र में घेराबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध स्कूटी को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान स्कूटी में रखे बैगों से करीब 15.110 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों द्वारा गांजा रखने और परिवहन करने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से बरामद गांजा की कीमत लगभग 7 लाख 55 हजार 500 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा परिवहन में उपयोग की जा रही स्कूटी, दो मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 8 लाख 26 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *