13जून2026
जगदलपुर। शहर के नयामुंडा स्थित पुराने फिल्टर प्लांट और पानी टंकी परिसर में शुक्रवार शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग की लपटें परिसर के कई हिस्सों तक फैल गईं, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, नगर निगम और प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के अभियान में जुट गईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह विद्युत ट्रांसफार्मर या बिजली तारों में हुए शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। आग ने परिसर में रखे ब्लीचिंग पाउडर और अन्य सामग्री को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। हालांकि दमकल कर्मियों ने समय रहते मोर्चा संभालते हुए आग को आसपास के क्षेत्रों तक फैलने से रोक लिया।
आग पर नियंत्रण पाने के लिए कई घंटों तक लगातार प्रयास किए गए। देर रात तक चले राहत और बचाव कार्य के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए आसपास के इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।
आग लगने की सूचना मिलते ही जगदलपुर विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली और राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयास से स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है और फिलहाल किसी बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रशासन ने आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। आग पूरी तरह बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा।