जगदलपुर, 20 अप्रैल 2026।
स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से बस्तर में एक खास पहल की जा रही है। छत्तीसगढ़ वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग और पतंजलि योग संस्थान के संयुक्त प्रयास से “फिट बस्तर-हिट बस्तर” अभियान के तहत 21 दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ 21 अप्रैल से होगा।
यह योग शिविर शहर के जनजातीय गौरव वाटिका के प्राकृतिक और शांत वातावरण में आयोजित किया जाएगा, जहाँ प्रतिभागी रोज़ाना सुबह 6 बजे से 7:30 बजे तक योग और प्राणायाम का अभ्यास कर सकेंगे। अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में होने वाले इस शिविर का उद्देश्य न केवल लोगों को शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाना है, बल्कि मानसिक शांति और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी विकसित करना है।
वन मंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता के अनुसार, आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव से मुक्ति के लिए योग बेहद जरूरी हो गया है। ऐसे में प्रकृति के बीच योगाभ्यास लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
उन्होंने बस्तरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़कर अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग बनें और एक बेहतर जीवनशैली की ओर कदम बढ़ाएं। प्रशासन को उम्मीद है कि 21 दिनों का यह नियमित अभ्यास क्षेत्र में स्वास्थ्य के प्रति नई जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।
प्रकृति के बीच योग का महायज्ञ: जगदलपुर में 21 दिन का ‘फिट बस्तर-हिट बस्तर’ अभियान शुरू