स्वस्थ बस्तर की दिशा में बड़ा कदम: कुम्हारपारा शिविर में 156 लोगों का इलाज, 9 गर्भवतियों की मुफ्त सोनोग्राफी

जगदलपुर, 25 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत शनिवार को कुम्हारपारा स्थित शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में 156 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाते हुए टीबी की शीघ्र पहचान के लिए 86 संभावित मरीजों की मौके पर ही आधुनिक पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से जांच की गई, जो इस अभियान की खास उपलब्धि रही। वहीं, 20 अस्थि रोगियों को फिजियोथेरेपी के जरिए राहत दी गई, 40 लोगों का डेंटल चेकअप और ओरल स्क्रीनिंग की गई, जबकि नेत्र विशेषज्ञों ने 33 मरीजों की आंखों की जांच कर 6 मोतियाबिंद मरीजों को सर्जरी के लिए जिला अस्पताल रेफर किया।
इसके अलावा 70 मरीजों की नि:शुल्क लैब जांच कर तुरंत रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई, जिससे इलाज में देरी न हो। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गीदम रोड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 9 हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क सोनोग्राफी की गई। वहीं शिविर स्थल पर भी 5 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया।
शिविर की सफलता में डॉ. गोपेश, डॉ. मोमिता, डॉ. तृषा, डॉ. रेखा, नेत्र विभाग की टीम, शहरी स्वास्थ्य मितानिनों और स्वास्थ्य टीम का अहम योगदान रहा। शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक पी. डी. बस्तिया के बेहतर समन्वय और टीमवर्क ने इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *