20अप्रैल 2026
रायपुर। रायपुर के वीआईपी रोड स्थित करेंसी टावर में सोमवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना ने शहर की बिल्डिंग सेफ्टी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। छत्तीसगढ़ सरकार की अतिरिक्त मुख्य सचिव ऋचा शर्मा मॉर्निंग वर्कआउट के लिए जिम जा रही थीं, तभी अचानक लिफ्ट बीच रास्ते में बंद हो गई।
करीब 20 मिनट तक वे लिफ्ट के अंदर फंसी रहीं, जहां न ठीक से रोशनी थी और न ही वेंटिलेशन। बंद जगह और घुटन के कारण उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और घबराहट बढ़ती गई।
बताया जा रहा है कि सबसे बड़ी लापरवाही यह रही कि लिफ्ट में इमरजेंसी अलार्म या हेल्प सिस्टम भी काम नहीं कर रहा था, जिससे मदद मिलने में देरी हुई। हालात ऐसे बने कि उन्हें खुद ही मोबाइल से अधिकारियों को सूचना देनी पड़ी।
सूचना मिलते ही प्रशासन और बिल्डिंग मैनेजमेंट में हड़कंप मच गया। तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट खोली गई। बाहर निकलने के बाद भी कुछ समय तक उनकी स्थिति सामान्य नहीं थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस टावर में लिफ्ट खराब होने की शिकायत पहले भी सामने आ चुकी है, लेकिन प्रबंधन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अब इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और मेंटेनेंस पर बड़े सवाल उठ रहे हैं।
यह घटना साफ संकेत देती है कि हाई-प्रोफाइल इमारतों में भी बेसिक सेफ्टी इंतजामों की अनदेखी कितनी खतरनाक हो सकती है।