रायपुर | 30 जनवरी 2026
राजधानी रायपुर के व्यस्ततम सदर बाजार इलाके में स्थित एक ज्वेलरी शॉप में हुई शातिर चोरी की वारदात का कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ग्राहक बनकर दुकान में घुसी एक महिला ने सेल्सगर्ल को बातचीत में उलझाकर करीब 50 हजार रुपये की सोने की चेन चुरा ली थी। पुलिस ने इस अंतर्राज्यीय महिला आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार कर चोरी का माल भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान निशा गुप्ता, निवासी काटाभांजी, जिला बलांगीर (ओडिशा) के रूप में हुई है। आरोपी ने बेहद चालाकी से चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया था।
चेन देखने के बहाने दिया वारदात को अंजाम
यह मामला थाना कोतवाली क्षेत्र के सदर बाजार स्थित भोरावत एंड संस ज्वेलरी शॉप का है। दुकान संचालक प्रिंस जैन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 3 बजे एक महिला ग्राहक बनकर दुकान में आई।
महिला ने सोने की चेन देखने के बहाने सेल्सगर्ल संगीता धाकड़ से बातचीत शुरू की और मौका पाकर काउंटर से एक सोने की चेन चुरा ली। चोरी के बाद आरोपी महिला सामान्य तरीके से दुकान से बाहर निकल गई। बाद में स्टॉक मिलान के दौरान चोरी का खुलासा हुआ।
सीसीटीवी फुटेज बना गिरफ्तारी की कड़ी
शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अज्ञात महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 16/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने दुकान और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ओडिशा रवाना हुई और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, आगे की जांच जारी
पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत रायपुर लाया गया है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी महिला ने अन्य राज्यों या शहरों में भी इस तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।
ग्राहक बनकर आई, बातों में उलझाया और उड़ाई सोने की चेनसदर बाजार ज्वेलरी शॉप चोरी का खुलासा, अंतर्राज्यीय महिला आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार