कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी घर से, मां की डांट से आहत छात्रा ने की आत्महत्या

कोरबा | 30 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के घुड़देवा इलाके में रहने वाली बीए प्रथम वर्ष की छात्रा ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि मां की डांट से मानसिक रूप से आहत होकर 20 वर्षीय छात्रा ने अपने नाना के बंद पड़े एसईसीएल आवास में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान आरती टंडन (20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम गुमिया, जिला जांजगीर-चांपा की निवासी थी और वर्तमान में कोरबा में रहकर कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। उसके पिता का नाम अजीत टंडन बताया गया है। परिजनों के अनुसार, आरती बचपन से ही अपने नाना के साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी।
बंद पड़े एसईसीएल आवास में उठाया आत्मघाती कदम
आरती के नाना एसईसीएल से सेवानिवृत्त हो चुके हैं और रिटायरमेंट के बाद अपने पैतृक गांव चले गए थे। उनका एसईसीएल आवास क्रमांक बी-2/77 घुड़देवा में बंद पड़ा था, जिसकी चाबी आरती के पास रहती थी। इसी आवास में उसने आत्मघाती कदम उठाया।
कॉलेज जाने की बात कहकर निकली, फिर नहीं लौटी
परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन सुबह किसी बात को लेकर आरती की मां ने उसे समझाइश देते हुए डांटा था। इससे वह काफी परेशान हो गई। इसके बाद आरती कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। जब काफी देर हो गई और उसका कोई पता नहीं चला, तो परिजन चिंतित हो उठे और उसकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान यह बात सामने आई कि घर में रखी नाना के आवास की चाबी गायब है। अनहोनी की आशंका के चलते परिजन घुड़देवा स्थित उस आवास पहुंचे। मकान अंदर से बंद मिला। इसके बाद आरती का भाई पीछे की ओर से किसी तरह अंदर गया, जहां का दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गया। आरती कमरे के भीतर फंदे से लटकी हुई मिली।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों व संबंधित लोगों के बयान के आधार पर आत्महत्या के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *