बेंगलुरु, 2 अगस्त 2026।कर्नाटक के शिवमोगा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने बड़ा हादसा कर दिया। रविवार तड़के इंदिरा नगर इलाके में पहाड़ी धंसने से एक मकान मलबे में दब गया, जिससे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन साल का मासूम बच्चा भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 2:30 बजे हुआ, जब परिवार गहरी नींद में सो रहा था। अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा घर की छत पर आ गिरा, जिससे परिवार को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
मृतकों की पहचान कोप्पल जिले के निवासी मल्लिकार्जुन (35), उनकी पत्नी नागवेणी (28) और उनके 3 वर्षीय बेटे संतोष के रूप में हुई है। वहीं, पास के एक अन्य शेड में रह रहा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर मलबे से शवों को बाहर निकाला।
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कर्नाटक के मलनाड क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से संवेदनशील इलाकों में सतर्क रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।