14मई2026
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के भवंतरा गांव में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार के चार लोगों की खून से लथपथ लाशें निर्माणाधीन मकान में खाट पर पड़ी मिलीं। मृतकों में पति-पत्नी के साथ उनके नाती और नातिन शामिल हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि सभी की हत्या सोते समय धारदार हथियार से की गई।
जानकारी के मुताबिक परिवार नए मकान का निर्माण करवा रहा था और बुधवार रात सभी वहीं सोए हुए थे। सुबह काम पर पहुंचे मिस्त्री ने जब खाट पर शव पड़े देखे तो इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पुलिस को खबर दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से कई अहम सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस को शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद की आशंका नजर आ रही है। मामले में पड़ोस के एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण इस निर्मम हत्याकांड से स्तब्ध हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।