बहू ही निकली ससुर की कातिल! 24 घंटे में ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री सुलझी, 4 आरोपी गिरफ्तार

जशपुर6जुलाई 2026/छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा ली। इस ब्लाइंड मर्डर केस में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि हत्या की साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि मृतक की बहू ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने महिला सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम बोड़ाजोर निवासी चुगरू (गुंगरू) प्रधान (70) 4 जुलाई को अपने घर में मृत मिले थे। उनके हाथ-पैर बंधे थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर खुलासा हुआ कि मृतक की बहू सुगंती बेसरा (36) का अपने ससुर से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने परिचित साहिल उर्फ राजा खान (22), आनंद यादव (20) और रोहित सिंह (21) के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, 3 और 4 जुलाई की दरमियानी रात चारों आरोपी मोटरसाइकिल से मृतक के घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने के बाद उन्होंने लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से हमला किया। इसके बाद हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, जिससे बुजुर्ग की मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लकड़ी का फट्टा, मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
जशपुर पुलिस के डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में गंभीर अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। वैज्ञानिक जांच और टीमवर्क के दम पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इस अंधे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *