बिलासपुर, 6 जुलाई। शहर में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने रविवार को व्यापक अभियान चलाया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई कार्रवाई के दौरान 90 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया, जबकि 76 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने 12 आदतन बदमाशों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। ये ऐसे आरोपी हैं, जिनका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और जो लगातार कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बने हुए थे।
कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों के कब्जे से अवैध धारदार हथियार भी बरामद किए गए। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों, सार्वजनिक स्थानों और अपराध प्रभावित क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान निगरानी बदमाशों और पुराने अपराधियों की भी जांच की गई।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गुंडागर्दी, चाकूबाजी, अवैध हथियार रखने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। जरूरत पड़ने पर जिला बदर जैसी सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
बिलासपुर में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार! 90 संदिग्ध हिरासत में, 12 आदतन बदमाश सीधे जेल