नक्सल मुद्दे पर सियासत गरम: विजय शर्मा का ताम्रध्वज साहू पर तगड़ा हमला, कहा— “पांच साल में शहीदों के लिए कुछ नहीं किया”

कवर्धा।20/02/2026 कवर्धा में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू के बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग पांच साल सरकार में रहने के दौरान अपने ही शहीदों के लिए कुछ नहीं कर पाए, वे आज राजनीति कर रहे हैं, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
शिवाजी चौक में छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा के अनावरण के बाद मीडिया से चर्चा में विजय शर्मा ने कहा कि जब भी वे झीरम घाटी से गुजरे, उन्होंने शहीदों को नमन किया। कांग्रेस भले इसे अपने नेताओं से जोड़कर देखती हो, लेकिन भाजपा इसे छत्तीसगढ़ के नेतृत्व और प्रदेश की क्षति मानती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार ने अपने कार्यकाल में शहीदों की स्मृति में कोई ठोस पहल नहीं की, बल्कि केवल राजनीतिक षड्यंत्र में उलझी रही।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार और देश के गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। सुरक्षा बलों के जवान शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
विजय शर्मा ने झीरम घाटी का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां रुककर उन्होंने शहीद स्थल को प्रणाम किया था और मन ही मन संकल्प लिया था कि जिस दिन प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्ति मिलेगी, उस दिन सभी वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह हर मुद्दे में राजनीति तलाशती है, जो निंदनीय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *