26मई2026
दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सटोरी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 35 हजार 175 रुपये नगद, सट्टा-पट्टी की पर्चियां और अंकों से लिखे दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जे.डी. किराना स्टोर्स के पीछे सुनसान इलाके में एक व्यक्ति अवैध रूप से सट्टा-पट्टी लिख रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। जांच के दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में कागज पर अंक लिखते मिला, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
तलाशी के दौरान उसके पास से सट्टा सामग्री और बड़ी मात्रा में नगदी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 06 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।