जल संरक्षण और स्वच्छता अभियान से बदली गांव की तस्वीर
जगदलपुर, 26 मई 2026। विकासखंड तोकापाल के ग्राम पंचायत घाटधनोरा के आश्रित गांव मरकापाल में जल संरक्षण और स्वच्छता को लेकर एक नई मिसाल देखने को मिल रही है। ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति और महिला जलवाहिनी की सक्रिय भागीदारी से गांव में पानी बचाने, साफ-सफाई बनाए रखने और लोगों को जागरूक करने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
करीब 220 आबादी वाले इस गांव में कभी पानी की भारी समस्या रहती थी। ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ता था और दूर-दूर से पानी लाना मजबूरी थी। लेकिन अब जल जीवन मिशन के तहत गांव में चार हैंडपंपों के साथ अलग जल स्त्रोत विकसित कर 10 हजार लीटर क्षमता की टंकी बनाई गई है, जहां से मोटर पंप और पाइपलाइन नेटवर्क के जरिए घर-घर तक नियमित पेयजल पहुंचाया जा रहा है।
गांव की निवासी हीरामनी बताती हैं कि पहले बोरिंग से पानी भरकर लाना बेहद मुश्किल और थकान भरा काम था, लेकिन अब घर तक पानी पहुंचने से लोगों की जिंदगी आसान हो गई है। वहीं पंप ऑपरेटर सुरेश कश्यप पूरी जिम्मेदारी के साथ जल आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं और समय पर हर घर तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित कर रहे हैं।
ग्राम पंचायत घाटधनोरा की सरपंच तुलसी बाई बघेल और सचिव चिंतामणी मौर्य ने गांव में आए इस बदलाव पर खुशी जताते हुए इसे ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत बताया है।
सबसे खास बात यह है कि पानी की किल्लत झेल चुके मरकापाल के लोग अब हर बूंद की अहमियत समझने लगे हैं। ग्रामीण पानी का सोच-समझकर उपयोग कर रहे हैं, सोख्ता गड्ढों का निर्माण कर रहे हैं और पानी की बर्बादी रोकने का संकल्प ले चुके हैं। जल जीवन मिशन और ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के संयुक्त प्रयासों ने मरकापाल में सिर्फ नल कनेक्शन ही नहीं पहुंचाया, बल्कि जल संरक्षण की नई सोच भी विकसित की है।