7मई2026
राजधानी रायपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रेवल्स ऑफिस से 16 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। यह रकम तीन बोरों में भरकर पार्सल के जरिए पश्चिम बंगाल से दिल्ली भेजी जा रही थी। सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर पुलिस ने अशोका मिलेनियम स्थित हंस ट्रेवल्स के गोदाम में छापा मारा और पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस को मौके से तीन साधारण बोरे मिले। जब बोरों को खोला गया तो अंदर 10 और 20 रुपए के नोटों के बंडल भरे हुए थे। गिनती करने पर कुल रकम करीब 16 लाख रुपए निकली। खास बात यह रही कि अधिकांश नोट पुराने बताए जा रहे हैं। रकम को बेहद सामान्य तरीके से पैक कर बस के जरिए भेजा जा रहा था, जिससे शक और गहरा गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पार्सल कोलकाता से रायपुर पहुंचा था और यहां से दिल्ली भेजे जाने की तैयारी थी। इसी दौरान पुलिस को इसकी भनक लग गई और कार्रवाई कर रकम जब्त कर ली गई। पार्सल पर सिर्फ कोलकाता और रायपुर का उल्लेख था, जबकि भेजने और लेने वाले की पूरी जानकारी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
सूत्रों के मुताबिक कोलकाता से किसी उदय सिंह नाम के व्यक्ति ने यह पार्सल भेजा था, जिसे दिल्ली में गुप्ता नामक व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है और हवाला कनेक्शन से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग को भी सूचना दे दी गई है। ट्रेवल्स कर्मचारियों से पूछताछ जारी है और पार्सल बुक कराने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इतनी बड़ी रकम छोटे नोटों में क्यों भेजी जा रही थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।