दंतेवाड़ा पुलिस की कार्रवाई: 6 साल से फरार वारंटी समेत 3 गिरफ्तार, न्यायालय में किया पेश

दंतेवाड़ा, 31 अक्टूबर 2026। दंतेवाड़ा पुलिस ने फरार स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी पिछले छह वर्षों से, जबकि दो आरोपी करीब दो वर्षों से फरार चल रहे थे। तीनों को गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार खूंटे और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस आकांक्षा सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में फरार वारंटियों की तलाश की जा रही है।

पहली कार्रवाई में 30 अक्टूबर को थाना कटेकल्याण पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अपराध क्रमांक 18/2020 के स्थायी वारंटी दुल्गो वेट्टी (22 वर्ष), निवासी परचेली, बण्डीपारा को उसके घर से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और विधि विरुद्ध क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। वह वर्ष 2020 से फरार था। उसे 30 अक्टूबर को विशेष न्यायालय (एनआईए एक्ट), दंतेवाड़ा में पेश किया गया।

वहीं दूसरी कार्रवाई में 31 अक्टूबर को पुलिस ने अपराध क्रमांक 31/2024 के तहत जुआ प्रतिषेध अधिनियम के मामले में फरार दो स्थायी वारंटियों उमेश पोड़ियाम (20 वर्ष) और रामचंद्र प्रकाश (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया। दोनों ग्राम मटेनार, सरपंच पारा के निवासी हैं और करीब दो वर्षों से फरार चल रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेएमएफसी न्यायालय दंतेवाड़ा के समक्ष पेश किया।

इस तरह थाना कटेकल्याण पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल तीन फरार स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *