बिजली कटौती पर विधायक का एक्शन! सब स्टेशन में औचक निरीक्षण, जेई को लगाई फटकार

कवर्धा7जुलाई 2026/क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों के बीच पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने ठाठापुर विद्युत सब स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बिजली आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से बार-बार हो रही कटौती के कारणों पर जवाब-तलब किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने जेई सौरभ द्विवेदी से बिजली व्यवस्था में आ रही दिक्कतों की जानकारी ली। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जेई को फटकार लगाई और स्पष्ट कहा कि आम जनता को लगातार बिजली संकट झेलने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द सुचारु की जाए और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि बिजली जैसी मूलभूत सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक के अचानक निरीक्षण से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार का भरोसा दिलाया। विधायक ने कहा कि जनता की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर उपभोक्ता को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *