रायपुर, 28 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव मनाया जाएगा। राज्य शासन ने आयोजन के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। अलग-अलग जिलों में मंत्री, सांसद और विधायक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं, 1 से 3 नवंबर तक सरकारी भवनों को रोशनी से सजाया जाएगा।
इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। कार्यक्रमों में शासन की योजनाओं, विकास कार्यों और सफल परियोजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। साथ ही, विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।
बस्तर संभाग के जिलों में इन्हें मिली मुख्य अतिथि की जिम्मेदारी
राज्य शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, बस्तर जिले में विधायक किरण देव, कोंडागांव में लता उसेंडी, नारायणपुर में विक्रम उसेंडी, दंतेवाड़ा में सांसद महेश कश्यप, बीजापुर में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और सुकमा में सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह राज्योत्सव कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
बिलासपुर और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि
जांजगीर-चांपा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सरगुजा में रामविचार नेताम, कांकेर में केदार कश्यप, कोरबा में लखनलाल देवांगन और जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके अलावा बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में विजय बघेल, कबीरधाम में संतोष पांडेय और महासमुंद में रूपकुमारी चौधरी को मुख्य अतिथि की जिम्मेदारी दी गई है। अन्य जिलों के लिए भी मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के नाम निर्धारित किए गए हैं।
तीन दिन तक जगमगाएंगे सरकारी भवन
राज्योत्सव के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक सभी जिला मुख्यालयों में शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग अपने बजट से व्यवस्था करेंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने जिला प्रशासन को मुख्य अतिथियों से समन्वय कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
राज्योत्सव के माध्यम से प्रदेश की विकास उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।