जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंजा राजकोट, भव्य रथयात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

गुजरात/राजकोट16जुलाई 2026/भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का पावन पर्व गुरुवार को देशभर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। बस्तर में जहां गोंचा महापर्व और भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की शुरुआत हुई, वहीं गुजरात के रंगीले शहर राजकोट में भी भव्य रथयात्रा ने भक्तों को आकर्षित किया। “जय जगन्नाथ” और “जय रणछोड़ माखन चोर” के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूब गया।

पारंपरिक पहिंद विधि के साथ शुरू हुई रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के रथों के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु सड़कों पर उमड़ पड़े। यात्रा मार्ग पर भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस वर्ष शिव बारात, अघोरी मंडली और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों ने पारंपरिक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

श्रद्धा, संस्कृति और परंपरा से सजी इस रथयात्रा ने राजकोट को पूरी तरह जगन्नाथमय बना दिया। वहीं बस्तर में भी गोंचा महापर्व की शुरुआत के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की रौनक बढ़ गई है। देश के विभिन्न हिस्सों में भगवान जगन्नाथ के प्रति आस्था का यह उत्सव भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *