दुर्ग16जुलाई 2026/छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। कुम्हारी थाना क्षेत्र में हुई इस दर्दनाक दुर्घटना में दो महिलाओं और दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, स्कूटी (CG 07 DE 5847) पर बच्चों समेत पांच लोग सवार होकर दुर्ग से रायपुर की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच आगे चल रहे ट्रैक्टर ने अचानक ब्रेक लगा दी। इससे पीछे से आ रही स्कूटी सीधे ट्रैक्टर के पिछले हिस्से में जा घुसी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में दो महिलाओं और दो बच्चियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर के अचानक ब्रेक लगाने और स्कूटी पर क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि सभी मृतक दुर्ग जिले के उतई क्षेत्र के निवासी थे। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।