रायपुर 24सितंबर 2026/छत्तीसगढ़ में फसल गिरदावरी को लेकर पटवारियों और प्रशासन के बीच विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। पटवारियों ने PV ऐप के जरिए गिरदावरी करने से इनकार करते हुए इसका बहिष्कार करने का फैसला लिया है। उनकी मांग है कि फसल गिरदावरी का काम भुइयां पोर्टल के माध्यम से कराया जाए।
पटवारियों का कहना है कि वे इसी मांग को लेकर PV ऐप पर गिरदावरी का काम नहीं कर रहे हैं। इस बीच कुछ पटवारियों को विभाग की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है। नोटिस जारी होने के बाद पटवारी वर्ग में नाराजगी और बढ़ गई है।
पटवारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है तो वे आगे कामकाज बंद करने का कदम उठा सकते हैं। ऐसे में प्रशासन और पटवारियों के बीच गतिरोध बढ़ने की स्थिति बन गई है।
धान खरीदी पर पड़ सकता है असर
फसल गिरदावरी की प्रक्रिया प्रभावित होने से आगे होने वाली कृषि संबंधी प्रक्रियाओं पर भी असर पड़ने की आशंका है। विवाद का समाधान जल्द नहीं हुआ तो समर्थन मूल्य पर होने वाली धान खरीदी की प्रक्रिया प्रभावित होने की चिंता भी जताई जा रही है। फिलहाल किसानों की नजर प्रशासन और पटवारियों के बीच होने वाले समाधान पर है।