एक क्विंटल धान बेचने पर भी मिलेगा 21 क्विंटल का बोनस, सरकार के फैसले का आनंद झा ने किया स्वागत

जगदलपुर, 14 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी से पहले राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए निर्णय का भाजपा युवा मोर्चा के बस्तर जिला उपाध्यक्ष आनंद झा ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि खरीफ वर्ष 2026-27 में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचने की अनिवार्य बाध्यता समाप्त करने और कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी निर्धारित रकबे के आधार पर बोनस देने का फैसला किसानों के लिए राहत भरा कदम है।

आनंद झा ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से उन किसानों को विशेष लाभ मिलेगा, जिनकी फसल चक्रवाती बारिश और अन्य प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण प्रभावित हुई है या जिनका उत्पादन प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक नहीं पहुंच पाता। उन्होंने दावा किया कि नई व्यवस्था के तहत यदि पात्र किसान एक एकड़ में केवल 1 क्विंटल धान भी बेचता है, तो उसे समर्थन मूल्य ₹2,441 के साथ 21 क्विंटल के मान से ₹13,839 बोनस मिलेगा। यानी कुल ₹16,280 की राशि उसके खाते में प्राप्त होगी।

उन्होंने कहा कि रकबे के आधार पर बोनस मिलने की व्यवस्था से कम उत्पादन वाले किसानों को भी राहत मिलेगी। इसके अलावा बीज निगम में धान बीज बेचने वाले पंजीकृत किसानों को भी योजना का लाभ दिए जाने की बात कही गई है। आनंद झा ने किसानों से अपील की कि वे समय पर एग्री-स्टैक पंजीयन और रकबा सत्यापन पूरा कराएं और 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी का लाभ उठाएं।

उन्होंने सरकार के निर्णय को किसानों के प्रति संवेदनशीलता बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश के लाखों पंजीकृत किसानों को आर्थिक संबल मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *