मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल से नक्सली हिंसा के पीड़ितों को मिला आर्थिक संबल, पुनर्वास नीति बनी सहारा
रायपुर, 03 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगाने का लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील सोच और पुनर्वास को प्राथमिकता देने वाली नीति के तहत बीजापुर जिले में नक्सली हिंसा के 13 पीड़ितों को कुल 32 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह सहायता राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के अंतर्गत प्रदान की जा रही है, ताकि प्रभावित परिवार सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।
वन एवं बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार स्वीकृत इस सहायता का लाभ उन लोगों को मिलेगा जो नक्सली हिंसा, आईईडी विस्फोट, बारूदी सुरंग धमाके, माओवादी हमलों अथवा पुलिस-नक्सली मुठभेड़ की क्रॉस फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हुए या स्थायी रूप से दिव्यांग हो गए हैं।
सहायता प्राप्त करने वालों में नंदू ओयाम, जिला कुंजाम, ईस्ता बोर्रा, मितराम रावटे, कोरसे संतोष, चिड़ेम कन्हैया, कविता कुड़ियम, इच्चामी सुदरू, राममूर्ति कारम, बबलू उर्फ मोहन कड़ती, गंगा कलमू, राजेश कुमार यादव और सोढ़ी मुकेश शामिल हैं। इन सभी को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
बीजापुर कलेक्टर श्री विश्वदीप ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत राशि का भुगतान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से शीघ्र हितग्राहियों के बैंक खातों में किया जाए, ताकि पीड़ितों को बिना किसी विलंब के राहत मिल सके।
साय सरकार की यह पहल केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नक्सल प्रभावित परिवारों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने का एक मजबूत प्रयास है। पुनर्वास नीति के माध्यम से राज्य सरकार लगातार यह संदेश दे रही है कि संकट की घड़ी में सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।