नवा रायपुर में दौड़ेंगी ई-बसें, 37 किमी फोरलेन समेत कई बड़ी परियोजनाओं पर मंथन

रायपुर, 19 अगस्त 2026। परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक में नवा रायपुर में ई-बसों के संचालन, नए कार्यालय भवनों के निर्माण और सड़क परियोजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित बैठक में एनआरडीए और लोक निर्माण विभाग से जुड़ी परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

नवा रायपुर में ई-बसों के संचालन की तैयारी

बैठक में नवा रायपुर में कंप्लायंट बैटरी ऑपरेटेड मोटर एसी ई-बसों के डिजाइन, खरीदी, सप्लाई, संचालन और रखरखाव के लिए ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर निविदा आमंत्रित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने परियोजना के तकनीकी और क्रियान्वयन से जुड़े पहलुओं की जानकारी समिति के सामने रखी।

इसके साथ ही छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण सहित अन्य कार्यालय भवनों के निर्माण संबंधी प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

रायगढ़ में 37 किमी फोरलेन, अकलतरा बायपास पर भी चर्चा

लोक निर्माण विभाग की ओर से रायगढ़ जिले में करीब 37 किलोमीटर लंबे रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन मार्ग के निर्माण प्रस्ताव की समीक्षा की गई। बैठक में भूमि अर्जन, भूमि व्यपवर्तन और निर्माण कार्य की तैयारियों से संबंधित जानकारी दी गई।

वहीं जांजगीर-चांपा जिले में करीब 6.70 किलोमीटर लंबे अकलतरा बायपास मार्ग के निर्माण प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। समिति ने परियोजना के तकनीकी एवं निर्माण संबंधी पहलुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रक्रियाओं पर विचार किया।

बैठक में लोक निर्माण, वित्त, आवास एवं पर्यावरण, योजना, ऊर्जा और एनआरडीए समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *