परीक्षा से पहले पटना में बवाल: पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों का हंगामा, पथराव के बाद लाठीचार्ज

पटना। 14जून26/बिहार में मध निषेध विभाग की परीक्षा से पहले राजधानी पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार देर रात भारी हंगामा देखने को मिला। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त ट्रेन व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाते हुए सैकड़ों परीक्षार्थी रेलवे ट्रैक पर उतर गए और ट्रेन परिचालन बाधित कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और कुछ छात्रों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:45 बजे स्टेशन पर दो ट्रेनें मौजूद थीं, लेकिन परीक्षार्थियों की भीड़ स्पेशल ट्रेन की मांग को लेकर रेलवे ट्रैक पर बैठ गई। रेल प्रशासन ने उच्च स्तर पर चर्चा के बाद करीब 2:30 बजे एक स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था भी कर दी, लेकिन इसके बावजूद प्रदर्शनकारी शांत नहीं हुए।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, लगभग 200 से 250 छात्रों की भीड़ ने ट्रैक जाम कर दिया और ट्रेन संचालन रोक दिया। हालात बिगड़ने पर कुछ उपद्रवियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसमें कई पुलिसकर्मी और अधिकारी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने पहले समझाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर हल्का बल प्रयोग, लाठीचार्ज और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा।
घटना पर आईजी जितेंद्र राणा ने बताया कि पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने भीड़ को हटाने की कोशिश की थी, लेकिन पत्थरबाजी शुरू होने के बाद आवश्यक कार्रवाई करनी पड़ी। वहीं पटना के जिलाधिकारी डॉ. थियागराजन ने कहा कि प्रशासन ने परीक्षार्थियों के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की थी, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब करने का प्रयास किया।
फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है। रेलवे ट्रैक से प्रदर्शनकारियों को हटाकर ट्रेन परिचालन बहाल कर दिया गया है और परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए चलाई गई विशेष ट्रेनें अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *