अहमदाबाद। 14जून26/गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर कस्टम विभाग ने सोने की तस्करी के एक बड़े प्रयास का पर्दाफाश किया है। दुबई से अहमदाबाद पहुंची इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-1478 की जांच के दौरान अधिकारियों ने विमान के अंदर से 4.26 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का विदेशी सोना बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, 12 जून 2026 को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पहुंची फ्लाइट की तलाशी के दौरान कस्टम अधिकारियों ने विमान इंजीनियरों की मदद से फ्रंट लैवेटरी (शौचालय) में लगे स्पीकर बॉक्स की जांच की। इस दौरान स्पीकर बॉक्स के भीतर काले प्लास्टिक टेप में लिपटे दो संदिग्ध पाउच मिले। जब इन पाउचों को खोला गया तो उनमें से 999.0 शुद्धता (24 कैरेट) के 24 विदेशी मूल के सोने के बिस्कुट बरामद हुए।
जब्त किए गए सोने का कुल वजन 2,799.3 ग्राम है, जिसकी स्थानीय बाजार में अनुमानित कीमत 4 करोड़ 26 लाख 89 हजार 325 रुपये बताई गई है। अधिकारियों के अनुसार सोने को बेहद शातिर तरीके से छिपाया गया था, जिससे स्पष्ट होता है कि इसे अवैध रूप से भारत में तस्करी कर लाने की योजना थी।
कस्टम विभाग की जांच के दौरान कोई भी व्यक्ति बरामद सोने पर अपना वैध दावा प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत सोने को लावारिस घोषित कर जब्त कर लिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है और तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्पीकर बॉक्स में छिपा था करोड़ों का खजाना! दुबई से आई फ्लाइट में 4.26 करोड़ का सोना जब्त