नई दिल्ली, 14 जून। राजधानी दिल्ली में यमुना नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाने के उद्देश्य से रविवार को व्यापक स्तर पर “मां यमुना नदी तट सफाई अभियान” चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। यमुना घाट पर आयोजित इस विशेष स्वच्छता अभियान में दिल्ली सरकार के मंत्री, विधायक, भाजपा पदाधिकारी, सांसद, पार्षद और हजारों स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सुबह छह बजे से शुरू हुए इस अभियान के दौरान यमुना तट से सैकड़ों ट्रक कचरा हटाया गया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पूजा सामग्री, मूर्तियां, कपड़े और अन्य कचरा यमुना में न फेंकें। उन्होंने कहा कि मां यमुना को स्वच्छ रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है।
सीएम ने बताया कि लगभग 22 किलोमीटर लंबे यमुना तट पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के स्वयंसेवकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान चलाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और सरकार यमुना के संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने भी सफाई अभियान में भाग लेते हुए कहा कि दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में 28 स्थानों पर स्वयंसेवी संगठन और भाजपा कार्यकर्ता यमुना की सफाई में जुटे हुए हैं। वहीं भाजपा विधायक उमंग बजाज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ता यमुना सेवा अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पूरी कैबिनेट, दिल्ली के सातों सांसद, विधायक, पार्षद और हजारों कार्यकर्ता एकजुट होकर यमुना सफाई अभियान को सफल बनाने में लगे हैं।
अभियान के तहत यमुना घाट, आईटीओ घाट, कालिंदी कुंज सहित कई प्रमुख स्थानों पर सफाई कर नदी तट को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया गया।
यमुना को स्वच्छ बनाने उतरी पूरी सरकार, सीएम रेखा गुप्ता ने संभाली कमान