बलौदाबाजार, 2 जुलाई। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें शासकीय शराब दुकान के दो कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों युवक बाइक समेत करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटते रहे। हादसे के बाद कैप्सूल वाहन भी अनियंत्रित होकर पलट गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सत्यप्रकाश सोनवानी (34) और गोपी किशन आडिल (25) ग्राम संडी स्थित शासकीय कंपोजिट शराब दुकान में कार्यरत थे। दोनों देर रात दुकान बंद करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर बलौदाबाजार लौट रहे थे। रास्ते में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक और उनकी बाइक वाहन के नीचे फंस गए और लगभग 200 मीटर तक सड़क पर घिसटते रहे। हादसा इतना भयावह था कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के कुछ ही दूरी बाद कैप्सूल वाहन भी चालक का नियंत्रण खोने से पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही पलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वाहन चालक की भूमिका और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
इस दर्दनाक हादसे से दोनों मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई, सड़क सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।