दंतेवाड़ा, 17 अक्टूबर 2026। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल में छेड़छाड़ और मारपीट के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को किरंदुल निवासी एक पीड़िता के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी। मामले में आरोपी मोहम्मद सालीन के विरुद्ध थाना किरंदुल में अपराध क्रमांक 66/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(3) और 78(2) में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, छेड़छाड़ की घटना का विरोध करने वाले व्यक्तियों के साथ मारपीट करने के मामले में दो अन्य आरोपियों मोहम्मद सजीद (22), निवासी पुराना भट्ठीपारा, किरंदुल और मोहम्मद आजाद (23), निवासी पुराना भट्ठीपारा, किरंदुल के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया गया। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 67/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2) और 3(5) में अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी प्रार्थी के साथ दोबारा विवाद करते हुए उग्र होने लगे थे। इसके बाद पुलिस ने उनके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे और एसडीओपी अविनाश ठाकुर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी संजय यादव के नेतृत्व में की गई।
किरंदुल पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना या दुर्घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।