बिलासपुर में हेरोइन तस्करी का सनसनीखेज खुलासा: पंजाब से जुड़ा नेटवर्क, पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये पहुंचता था नशा

बिलासपुर | 16 /02/ 2026
बिलासपुर में पकड़ी गई हेरोइन के मामले ने अब अंतरराज्यीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की परतें खोलनी शुरू कर दी हैं। पुलिस की विस्तृत जांच में पता चला है कि नशे की खेप पंजाब के तरन तारन जिले से सप्लाई की जा रही थी, जबकि इसका असली स्रोत सीमा पार पाकिस्तान से जुड़ा हुआ है।
जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने पंजाब में दबिश देकर मुख्य आरोपी बलराम सिंह सनियारे को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे बिलासपुर लाया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि आरोपी से पूछताछ में पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम राज खुल सकते हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आरोपी सीमा से सटे खेमकरण इलाके का रहने वाला है और उसके सीधे संपर्क पाकिस्तान स्थित ड्रग सप्लायरों से थे। तस्करी का तरीका भी बेहद हाई-टेक बताया जा रहा है। सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से छोटे पैकेट भारतीय क्षेत्र में गिराए जाते थे, जिन्हें स्थानीय गिरोह रिसीव कर अलग-अलग राज्यों तक पहुंचाता था।
सूत्रों का यह भी कहना है कि पहले सुरक्षा एजेंसियां इस मॉड्यूल पर कार्रवाई कर चुकी हैं। सीमा सुरक्षा बल और पंजाब पुलिस ने संयुक्त अभियान में एक संदिग्ध ड्रोन को मार गिराया था, जिसमें इस नेटवर्क के लिंक सामने आए थे।
फिलहाल पुलिस पूरे सप्लाई चैन, फाइनेंशियल ट्रेल और जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। जांच एजेंसियों का दावा है कि यह कार्रवाई आगे और बड़े खुलासों का कारण बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *