बलरामपुर /16/02/2026बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत हंसपुर गांव में राजस्व विभाग की कार्रवाई के दौरान हुआ विवाद गंभीर घटना में बदल गया। अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि दो अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल परिसर में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, राजस्व विभाग की टीम बॉक्साइट से जुड़े एक ट्रक पर कार्रवाई करने गांव पहुंची थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में धक्का-मुक्की और झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मौके पर काफी अफरा-तफरी मच गई थी।
घटना के कुछ समय बाद एक युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के कारणों को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान हुई कथित मारपीट के कारण ही युवक की जान गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए एसडीएम करुण डहरिया, नायब तहसीलदार सहित कुल पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इधर, संभावित तनाव को देखते हुए अस्पताल और गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। घायल दो ग्रामीणों का उपचार जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
राजस्व कार्रवाई बनी बवाल: युवक की मौत के बाद भड़का जनाक्रोश, SDM-नायब तहसीलदार समेत 5 हिरासत में