जगदलपुर, 7 अक्टूबर 2026। धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में आयोजित तीन दिवसीय संभाग स्तरीय दिव्यांग शिविर में दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। बुधवार को कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने शिविर का अवलोकन कर पंजीयन, स्वास्थ्य जांच और उपकरण वितरण की स्थिति की जानकारी ली।
कमिश्नर ने शिविर में लाभान्वित हुए दिव्यांगजनों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और शासन की योजनाओं के माध्यम से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह शिविर 5 से 7 अक्टूबर तक चला। स्वयंसेवी संस्था भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति और एनएसई फाउंडेशन के प्रायोजन तथा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित शिविर में बस्तर, कोंडागांव, नारायणपुर और कांकेर जिले के दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया गया।
शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।