रायपुर। 3सितंबर 2026/श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने 4 सितंबर को पूरे प्रदेश में ड्राई डे घोषित किया है। इस दौरान राज्य की सभी देशी-विदेशी शराब की फुटकर दुकानें, रेस्टोरेंट बार, होटल बार, क्लब और अन्य लाइसेंसी मदिरा प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से ड्राई डे की जानकारी साझा की। उन्होंने अधिकारियों को इस दौरान अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने तथा दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
शराब के साथ भांग की दुकानें भी रहेंगी बंद
वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग के आदेश के मुताबिक, 4 सितंबर को प्रदेश में संचालित सभी देशी एवं विदेशी मदिरा दुकानों के अलावा भांग और भांगघोटा की फुटकर दुकानें भी बंद रहेंगी। किसी होटल, रेस्टोरेंट, क्लब या अन्य प्रतिष्ठान में शराब बेचने या परोसने की अनुमति नहीं होगी।
यह प्रतिबंध स्टार होटलों, गैर-मालिकाना क्लबों और अन्य निजी प्रतिष्ठानों पर भी लागू रहेगा।
अवैध शराब पर प्रशासन की पैनी नजर
ड्राई डे के दौरान अवैध रूप से शराब के संग्रहण, परिवहन या बिक्री को रोकने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। जिला कार्यालयों, संभागीय उड़नदस्ता दलों और राज्य स्तरीय उड़नदस्ता टीमों को संभावित ठिकानों और संदिग्ध वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिना लाइसेंस वाले परिसरों में शराब का अवैध भंडारण पाए जाने पर शराब जब्त करने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
श्रद्धा और सात्विकता के साथ पर्व मनाने की अपील
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, सात्विकता और सामाजिक सद्भाव के वातावरण में मनाने की अपील की है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से छत्तीसगढ़ में सुख, शांति और समृद्धि की कामना भी की।