शिक्षक दिवस पर बस्तर में सजेगा सम्मान का मंच, 74 शिक्षक-प्राचार्य होंगे अलंकृत

‘मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण’ समारोह 5 सितंबर को जगदलपुर के श्यामाप्रसाद मुखर्जी टाउन हॉल में

जगदलपुर, 2 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस के अवसर पर बस्तर संभाग के उत्कृष्ट और समर्पित शिक्षकों के सम्मान में 5 सितंबर को भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। जगदलपुर स्थित श्यामाप्रसाद मुखर्जी टाउन हॉल में आयोजित होने वाले संभागीय समारोह में संभाग के सातों जिलों से चयनित 74 प्राचार्यों, प्रधान पाठकों और व्याख्याताओं को उनके उत्कृष्ट अध्यापन, शैक्षणिक नेतृत्व और शिक्षा के उन्नयन में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण योजना-2026’ के तहत सम्मानित किया जाएगा।

संयुक्त संचालक, बस्तर संभाग से मिली जानकारी के अनुसार समारोह में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट शिक्षकों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा। संभाग के प्रत्येक जिले से एक-एक उत्कृष्ट प्राचार्य का चयन किया गया है। इनमें बस्तर से श्रीमती मनोरमा बौद्ध, बीजापुर से श्री राधेश्याम कुलदीप, दंतेवाड़ा से श्रीमती शैफाली भदौरिया, कांकेर से श्री टिकेश्वर सिंह ठाकुर, कोंडागांव से श्री महावीर जायसवाल, नारायणपुर से श्री गणेश प्रसाद दुग्गा और सुकमा से श्री सहदेव सिंह शामिल हैं।

64 प्रधान पाठकों को मिलेगा सम्मान

शिक्षा के जमीनी स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले संस्था प्रमुखों को भी समारोह में सम्मानित किया जाएगा। संभाग के सातों जिलों के 32 विकासखंडों से 32 प्राथमिक शाला और 32 माध्यमिक शाला के प्रधान पाठकों, यानी कुल 64 संस्था प्रमुखों का चयन उनके अनुकरणीय शैक्षणिक नेतृत्व और विद्यालयीन शिक्षा को बेहतर बनाने में योगदान के लिए किया गया है।

तीन व्याख्याताओं को मिलेगा ‘शिक्षा श्री’ सम्मान

इसी क्रम में संभाग स्तरीय चयन समिति द्वारा प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर उत्कृष्ट अध्यापन कार्य करने वाले तीन व्याख्याताओं को प्रतिष्ठित ‘शिक्षा श्री’ अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए कांकेर जिले से श्री कौशल कुमार मंडावी एवं श्री यशवंत जैन तथा कोंडागांव जिले से कु. हेमा कश्यप का चयन किया गया है।

शिक्षक दिवस पर आयोजित यह समारोह बस्तर संभाग में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर होगा। साथ ही यह सम्मान अन्य शिक्षकों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार के लिए प्रेरित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *