अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बस्तर में भव्य ‘महतारी वंदन सम्मेलन’, मुख्यमंत्री साय करेंगे शिरकत

जगदलपुर, 6 मार्च 2026। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बस्तर में महिला सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित एक भव्य आयोजन होने जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 8 मार्च को जनपद पंचायत बस्तर मुख्यालय स्थित लाल बहादुर शास्त्री मिनी स्टेडियम में ‘वृहद महतारी वंदन सम्मेलन-2026’ का आयोजन किया जाएगा।
दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
सम्मेलन में प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा वन मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहेंगे।
इस अवसर पर बस्तर संभाग के कई जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिनमें बस्तर सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी, कांकेर विधायक आशाराम नेताम, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी और भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मनोज मंडावी प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा जिला पंचायत बस्तर की अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जगदलपुर महापौर संजय पांडे सहित विभिन्न बोर्ड-निगमों के अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार यह सम्मेलन महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और उनकी उपलब्धियों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। विभाग ने क्षेत्र की महिलाओं और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *