मुंबई30जून2026/ महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 के पेपर लीक मामले ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI ने सोमवार को विधानसभा के बाहर स्कूल शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
जानकारी के अनुसार, भिवंडी पुलिस ने TET प्रश्नपत्र को 1.5 करोड़ रुपये में बेचने के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अंतरराज्यीय गिरोह की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने के निर्देश दिए हैं।
पेपर लीक के चलते 28 जून को आयोजित होने वाली TET परीक्षा स्थगित कर दी गई। इस परीक्षा में 6 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को शामिल होना था। राज्य सरकार ने सभी प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क पुनर्परीक्षा कराने का आश्वासन दिया है।
इस बीच विपक्ष ने सरकार को घेरते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। वहीं, NSUI ने कहा कि लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
1.5 करोड़ में बिका TET पेपर! मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर NSUI का जोरदार प्रदर्शन