नशे के खिलाफ बस्तर में सख्त अभियान: 12 लोगों पर कार्रवाई, ₹2250 का जुर्माना वसूला गया

जगदलपुर, 29 जुलाई 2026। बस्तर जिले में “नशा मुक्त भारत अभियान”, “एक युद्ध नशे के विरुद्ध”, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (कोटपा अधिनियम) एवं भारत माता वाहिनी नशा मुक्ति अभियान के तहत बुधवार को व्यापक जनजागरूकता और प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह अभियान थाना बोधघाट क्षेत्र में जिला स्तरीय टास्क फोर्स और कोटपा प्रवर्तन दल द्वारा संचालित किया गया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू एवं संबंधित उत्पादों के उपयोग और बिक्री संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कोटपा अधिनियम के तहत 12 व्यक्तियों पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹2250 का राजस्व वसूला गया।
इसके साथ ही क्षेत्र के मेडिकल स्टोर्स का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दवाओं की बिक्री और नियमों के पालन की जांच की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे और तंबाकू सेवन के खिलाफ जागरूकता अभियान के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी।
जिला प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें तथा तंबाकू और नशीले पदार्थों से दूर रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *