पेट्रोल पंप पर आग का तांडव! हवा भरवाते ही धधक उठी पल्सर बाइक, कर्मचारियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

6जून2026

रायगढ़। धर्मजयगढ़ थाना क्षेत्र के राजीव गांधी चौक स्थित एक पेट्रोल पंप पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हवा भरवाने के दौरान एक बजाज पल्सर RS-200 बाइक में अचानक आग लग गई। कुछ ही सेकेंड में बाइक धुएं और आग की लपटों से घिर गई, जिससे पेट्रोल पंप परिसर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

जानकारी के मुताबिक बाइक चालक अपनी मोटरसाइकिल में हवा भरवा रहा था। इसी दौरान वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी। पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थान पर आग लगने से बड़ी दुर्घटना की आशंका पैदा हो गई।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

घटना के दौरान पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल फायर सेफ्टी उपकरणों का इस्तेमाल किया और आग पर काबू पा लिया। कर्मचारियों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते आग अन्य हिस्सों तक नहीं फैल सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

इस घटना में बाइक को काफी नुकसान पहुंचा है, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। घटना ने एक बार फिर पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों के महत्व को उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *