NH-63 फिर बना मौत का हाईवे: तोकापाल में दर्दनाक हादसा, बाइक सवार की मौके पर मौत; खराब सड़क पर उठे सवाल

6जून2026

जगदलपुर। बस्तर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नेशनल हाईवे-63 पर शुक्रवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शाम करीब 4:30 बजे तोकापाल स्थित पेट्रोल पंप के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

मृतक की पहचान अनिल बघेल (निवासी पखनार, विकासखंड दरभा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनिल किसी कार्य से तोकापाल की ओर आया था। दुर्घटना की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

खराब सड़क और भारी वाहनों की आवाजाही बनी चिंता का कारण

स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे-63 पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर गहरी चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है, वहीं कई स्थानों पर सड़क की स्थिति भी खराब है। डामरीकरण के बाद सड़क कई जगह ऊंची-नीची हो गई है, जिससे वाहन चालक कई बार संतुलन खो बैठते हैं और दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं।

सड़क किनारे बसी हैं कॉलोनियां, हर समय बना रहता है खतरा

स्थानीय नागरिकों के अनुसार इस हाईवे के किनारे कई कॉलोनियां बसी हुई हैं, जहां लोगों का दिनभर आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों और खराब सड़क की वजह से दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों का कहना है कि NH-63 का यह हिस्सा लंबे समय से सड़क हादसों के लिए बदनाम रहा है।

सुरक्षा उपायों की मांग

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से सड़क की गुणवत्ता में सुधार, गति नियंत्रण के प्रभावी उपाय, चेतावनी संकेतक और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो इस मार्ग पर हादसों का सिलसिला जारी रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *