28मई 2026
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा आगामी 4 जून को आयोजित होने वाली डीएलएड प्रवेश परीक्षा को लेकर बस्तर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में इस परीक्षा के लिए जगदलपुर शहर में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3 हजार 891 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के साथ सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। इसके बाद प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र का सत्यापन किया जाएगा। परीक्षार्थियों को इंटरनेट से डाउनलोड किया गया साफ और स्पष्ट मूल प्रवेश पत्र साथ लाना जरूरी होगा।
व्यापम के निर्देशों के तहत इस बार ड्रेस कोड को लेकर भी विशेष सख्ती बरती जा रही है। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के साधारण कपड़े पहनकर और पैरों में केवल चप्पल पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। जूते-मोजे पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही कान की बालियां, झुमके या अन्य किसी भी प्रकार के आभूषण पहनने पर रोक लगाई गई है।
मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, पर्स, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और संचार से जुड़े किसी भी सामान को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। जिन अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में फोटो स्पष्ट नहीं है, उन्हें दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य किया गया है।
जगदलपुर के जिन संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है उनमें शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज, शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, दन्तेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्कूल, बहुउद्देशीय हायर सेकण्डरी स्कूल, सेजेस कन्या स्कूल, स्वामी आत्मानंद एक्सीलेंट स्कूल धरमपुरा, स्वामी विवेकानंद एक्सीलेंट स्कूल संजय मार्केट, रेलवे कॉलोनी स्थित हिन्दी माध्यम स्कूल, महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज, भगत सिंह सिविल लाइन स्कूल और बाल विहार हायर सेकण्डरी स्कूल शामिल हैं।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन ने अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं। डिप्टी कलेक्टर मनीष कुमार वर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव को समन्वयक तथा डॉ. अजय सिंह ठाकुर को सहायक समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।