बस्तर के युवाओं के लिए सुनहरा मौका: अब एनिमेशन, गेमिंग और वीएफएक्स में बनेगा करियर

28मई 2026

जगदलपुर। बस्तर के युवाओं को आधुनिक तकनीक और क्रिएटिव इंडस्ट्री से जोड़ने की दिशा में शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में 1 जून को एक विशेष कार्यशाला आयोजित की जा रही है। विश्वविद्यालय के अकादमिक भवन में सुबह 10 बजे से शुरू होने वाली इस एक दिवसीय कार्यशाला में एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स यानी एवीजीसी क्षेत्र की नई संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी।

कार्यक्रम में भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की संयुक्त सचिव श्रुति सिंह सहित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजी के विशेषज्ञ शामिल होंगे। विशेषज्ञ प्रतिभागियों को एवीजीसी इंडस्ट्री की आधुनिक तकनीकों, रोजगार के अवसरों और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराएंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोककथाएं और ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक एनिमेशन और गेमिंग तकनीक के जरिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सकता है। इसी सोच के साथ विश्वविद्यालय में एवीजीसी लैब स्थापित करने की पहल भी शुरू की गई है। कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इस लैब के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार और स्टार्टअप के नए अवसर मिलेंगे।

कार्यशाला में इंफ्रास्ट्रक्चर, नई तकनीक, वर्चुअल रियलिटी, थ्रीडी एनिमेशन, गेम डेवलपमेंट और कॉमिक आर्ट जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। आयोजकों के अनुसार देश में तेजी से बढ़ रही एवीजीसी इंडस्ट्री आने वाले समय में मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत बनने जा रही है। ऐसे में बस्तर के युवाओं को इस क्षेत्र से जोड़ने का यह प्रयास बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यक्रम में भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है। बस्तर संभाग के वे युवा, जिन्हें एनिमेशन, गेमिंग, विजुअल इफेक्ट्स, कॉमिक्स, वर्चुअल रियलिटी या डिजिटल कंटेंट निर्माण में रुचि है, वे इसमें शामिल हो सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए 9981346438 और 9406256031 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *