28मई 2026
जगदलपुर। बस्तर के दूरस्थ इलाकों में भी अब स्वास्थ्य जागरूकता की नई तस्वीर दिखाई देने लगी है। जिले के लोहंडीगुड़ा विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिंता में बुधवार को किशोरी बालिकाओं के लिए विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में बालिकाओं और उनके अभिभावकों ने पहुंचकर इस पहल में भागीदारी निभाई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों को भविष्य में होने वाले गंभीर कैंसर जैसी बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करना है।
अभियान की निगरानी के लिए जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री स्वयं बिंता स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने टीकाकरण प्रक्रिया का जायजा लेने के साथ-साथ स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने टीका लगवाने आई बालिकाओं और उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें जागरूक किया और वैक्सीन को लेकर मौजूद भ्रांतियों को भी दूर किया।
डॉ. मैत्री ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन किशोरियों के लिए भविष्य की सुरक्षा ढाल की तरह है। यह टीका महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों के खतरे को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि सही उम्र में लगाया गया यह टीका आने वाले वर्षों में बेटियों को सुरक्षित और स्वस्थ जीवन देने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।
स्वास्थ्य विभाग ने 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की सभी किशोरी बालिकाओं के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को समय पर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। विभाग के अनुसार यह टीका पूरी तरह सुरक्षित, वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित और प्रभावी है।
दूरस्थ क्षेत्र में आयोजित इस विशेष टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले, मितानिनों, स्वास्थ्य केंद्र स्टाफ और स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। सामूहिक प्रयासों से बिंता में यह अभियान जागरूकता और स्वास्थ्य सुरक्षा का एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आया।