पराली की आग से फैली लपटें, 5 टैंकर पानी और घंटों की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
6जून2026
दुर्ग। जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र स्थित कोड़िया धान खरीदी केंद्र में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने धान के बड़े भंडारण क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे 100 क्विंटल से अधिक धान जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पास में जलाई गई पराली से उठी चिंगारियां धान खरीदी केंद्र तक पहुंच गईं, जिससे आग भड़क उठी। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और धान के ढेर जलने लगे।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। आग इतनी विकराल थी कि उसे नियंत्रित करने के लिए पांच टैंकर पानी का इस्तेमाल करना पड़ा। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया और उसे आसपास के क्षेत्रों तक फैलने से रोक लिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि केंद्र में बड़ी मात्रा में धान का भंडारण किया गया था। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर अधिकारियों से पूरी जानकारी ली और नुकसान का आकलन करने के साथ ही आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दिए।
जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, जबकि प्रशासनिक अमला स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।