दंतेवाड़ा, 03 अक्टूबर 2026। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन को लेकर दंतेवाड़ा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में कटेकल्याण पुलिस ने साप्ताहिक बाजार के दौरान परमिट शर्तों का उल्लंघन कर क्षमता से अधिक सवारियां ले जाने वाले चार चार पहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान बोलेरो सीजी 18 सी 1276, पिकअप सीजी 18 आर 4871, फोर्स तूफान सीजी 18 एस 5810 और महिंद्रा मैक्स सीजी 17 डी 0751 में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां ले जाना पाया गया।
मामले में चारों वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत अलग-अलग कार्रवाई करते हुए प्रत्येक से 5-5 हजार रुपये, कुल 20 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस ने वाहन चालकों को भविष्य में परमिट शर्तों का उल्लंघन नहीं करने की समझाइश दी। साथ ही वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के जरूरी दस्तावेज साथ रखने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
दंतेवाड़ा पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिले में चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।