आरा में दिनदहाड़े वारदात, बेटे के सामने रिटायर्ड कस्टम अधिकारी की गोली मारकर हत्या

बिहार 15 अक्टूबर 2026 /आरा में गुरुवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां रिटायर्ड कस्टम अधिकारी और क्षत्रिय संघ बिहार के अध्यक्ष राम कुमार सिंह (67) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उन्हें घर के पास उस समय निशाना बनाया, जब वह अपने बेटे के साथ सुबह टहलने जाने की तैयारी कर रहे थे। वारदात के दौरान उनका बेटा कार में मौजूद था।

तीन हथियारबंद हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

परिजनों के मुताबिक, राम कुमार सिंह सुबह कार निकालकर बाहर आए थे। इसी दौरान गैरेज का गेट बंद करते समय तीन हथियारबंद अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि उन्हें छह से आठ गोलियां लगीं, जो पेट, सीने और गर्दन के आसपास लगी थीं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल राम कुमार सिंह को आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जमीन विवाद में हत्या की आशंका

राम कुमार सिंह के बेटे राजेश कुमार ने हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई है। उनके अनुसार, सिंगही मोड़ के पास उनके पिता ने उनके लिए 13 कट्ठा जमीन खरीदी थी। आरोप है कि कुछ जमीन माफिया उस जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। परिवार का दावा है कि इस संबंध में पहले भी पुलिस से शिकायत की गई थी और राम कुमार सिंह पर पूर्व में भी जानलेवा हमले हो चुके थे।

पुलिस जांच में जुटी, गिरफ्तारी का भरोसा

भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित के अनुसार, शुरुआती जांच में जमीन विवाद हत्या की संभावित वजह के रूप में सामने आया है। पुलिस अन्य जमीन विवादों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एसपी ने कहा कि मामले में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनसे पूछताछ की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *