बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल गिरा, 6 मजदूरों की मौत: 11 घंटे चले रेस्क्यू के बाद तीन श्रमिकों को सुरक्षित निकाला गया

29मई 2026

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। कुरारा क्षेत्र में बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 11 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीन मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, पुल निर्माण का कार्य रात की शिफ्ट में चल रहा था। भीषण गर्मी को देखते हुए मजदूरों से रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक काम कराया जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 1 बजे तेज आंधी और तूफान आया, जिसके बाद पुल का भारी स्लैब और पिलर अचानक ढह गया। हादसे के समय कई मजदूर पुल के नीचे और आसपास काम कर रहे थे।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। मलबा हटाने के लिए भारी मशीनों का इस्तेमाल किया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद मलबे में फंसे तीन मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि छह मजदूरों की जान नहीं बचाई जा सकी।

बताया जा रहा है कि करीब 92 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया जा रहा था और इसका निर्माण कार्य एक निजी कंपनी के जिम्मे था। हादसे के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में खराब मौसम और तेज आंधी को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी लापरवाही के पहलुओं की भी जांच की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने, घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और प्रशासन की निगरानी में राहत कार्य जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *