सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी, आरोपी गिरफ्तार; बैग समेत सामान बरामद

दंतेवाड़ा। 13अगस्त 2026/थाना दंतेवाड़ा पुलिस ने सूने मकान में चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया बैग एवं अन्य सामान बरामद किया है। आरोपी की पहचान मनोज कड़ती उर्फ लिटी (18 वर्ष), निवासी पाटलीगुड़ा मिरतुर, थाना मिरतुर, जिला बीजापुर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को प्रार्थी अपने परिवार के साथ बेटी के प्रसव के सिलसिले में दंतेवाड़ा से जगदलपुर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और बैग सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सोशल मीडिया, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश की गई। इसी दौरान 12 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मनोज कड़ती उर्फ लिटी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी गया बैग एवं अन्य सामग्री बरामद कर जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ दंतेवाड़ा थाने में वर्ष 2023 के दो चोरी के प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा किरंदुल और भैरमगढ़ थाने में भी चोरी संबंधी मामले दर्ज बताए गए हैं। आरोपी हाल ही में निरुद्धावस्था से रिहा हुआ था और इसके बाद फिर चोरी की घटना को अंजाम दिया।

मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *